प्रयागराज मेले में युवा समाजसेवी अशोक पाण्डेय का सप्त दिवसीय भंडारा, श्रद्धालुओं की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण
गगहा। गगहा क्षेत्र के सोनइचा निवासी युवा समाजसेवी अशोक पाण्डेय द्वारा प्रयागराज मेले में श्रद्धालुओं की सेवा और मानव कल्याण की भावना से प्रेरित होकर सप्त दिवसीय विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। यह भंडारा प्रयागराज मेला क्षेत्र के पुल संख्या–4, सेक्टर संख्या–5 में आयोजित होगा, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।
इस सेवा कार्य का भव्य शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि पीठाधीश्वर रंग महल, अयोध्या धाम श्री श्री 1008 महंत रामशरण दास जी महाराज के पावन कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर साधु-संतों, समाजसेवियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
युवा समाजसेवी अशोक पाण्डेय ने कहा कि प्रयागराज मेले में देश के कोने-कोने से श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सेवा करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। भंडारे के माध्यम से प्रतिदिन निःशुल्क, स्वच्छ एवं सात्विक भोजन की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ प्रसाद ग्रहण कर सकें।
इस पुनीत आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। अशोक पाण्डेय द्वारा लगातार सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाई जा रही है। उनके इस सराहनीय प्रयास को क्षेत्रीय निवासियों, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं ने मानव सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण बताते हुए मुक्त कंठ से प्रशंसा की है तथा सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
भंडारे के आयोजन से न केवल श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा, बल्कि सेवा, सहयोग और सद्भावना का संदेश भी समाज में प्रसारित होगा।