1998 से बन्द हो गयी रकहट की रोडवेज बस सेवा –
आटो से मनमाना किराया देकर जाने को मजबूर कछारवासी
रकहट में बस स्टैंड के नाम पर खाली पड़ी है 73 डिसमिल जमीन
गगहा — – (बी. यन. टी. संवाददाता )बास गाँव विधान सभा क्षेत्र के गगहा ब्लाक के रकहट से गोरखपुर संचालित रोडवेज बस सेवा 1998 में आयी प्रलयकारी बाढ़ से रकहट -गोबरहिया सम्पर्क मार्ग टूट जाने से बन्द हो गया और तभी से पुनः बस सेवा पूरी तरह से बहाल नहीं हो सकी जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कछार वासियों ने रकहट से जिला मुख्यालय तक जोड़ने वाली बस सेवा को पुनः बहाल करने की मांग की है। कछार क्षेत्र का रकहट महत्वपूर्ण चौराहा है यहां के लोगों को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए वर्ष 1977में पहली बार रोडवेज बस की सेवा प्रारंभ की गई जो वर्ष 1998 तक अनवरत संचालित रही।इसका लाभ रकहट क्षेत्र के लोगों के साथ ही देवरिया जनपद के भी लोगों को मिलता रहा,लेकिन वर्ष 1998 में आई प्रलयकारी बाढ़ में रकहट – गोबरहिया मार्ग टूट जाने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था ।जिससे बस संचालन भी बन्द हो गया।ग्रामीणों के अथक प्रयास से पुनः वर्ष 2003 में बस सेवा बहाल हुई लेकिन एक माह बाद ठप हो गई।वर्ष 2013-14 में हियुवा के जिला उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह की पहल पर एक बार पुनः बस सेवा बहाल हुई और एक सप्ताह बाद ही बन्द हो गई ।इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मांग चलती रही लेकिन बस सेवा बहाल नहीं हो पाई। रकहट चौराहा गोरखपुर व देवरिया जनपद के कछरांचल का केंद्र बिंदु है।यहां से दोनों जनपदों के जिला मुख्यालय की लगभग दूरी बराबर है। गगहा क्षेत्र के कछार क्षेत्र के गडही, रियांव,गरयाकोल,भेडी,नेवादा,गंगा चक ,भैसहा , परासी,नरौहा,तो वहीं देवरिया जनपद के एकौना, भेडी बकरुवा, सरांव, बसडीला,आदि गांव के लोग का यह चौराहा केंद्र बिंदु है।चौराहे से महज सौ मीटर दक्षिण रोडवेज बस के नाम से 73 डिसमिल जमीन एकौना में आवंटित है जो बेकार पड़ी हुई हैं। ज्वाला तिवारी, चन्दन पाण्डेय, राजू यादव, सन्त कुमार शाही, सुनील पाण्डेय, मथुरा पाण्डेय आदि ने विभाग से बस सेवा पुनः चालू करने की मांग की ।