रावण दहन बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश- राजेश त्रिपाठी
बड़हलगंज।
चिल्लूपार के विधायक, पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी ने कहा कि विजयादशमी महापर्व पर रावण का प्रतीकात्मक दहन बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश है।
गुरुवार को बड़हलगंज स्थित रामलीला बाग में विजयादशमी के अवसर पर परम्परागत रूप से आयोजित होने वाले मेले में रावण के पुतले के दहन के मौके पर श्री त्रिपाठी ने उक्त उदगार व्यक्त करते हुये कहा कि प्रति वर्ष रावण दहन का प्रतीकात्मक संदेश तभी सार्थक होगा जब हम सभी अपने अन्दर छिपी कलुषता का भी दहन कर प्रेम व भाईचारे के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण का निर्माण कर देश के विकास में अपना योगदान दें।
इसके पूर्व उपनगर के रामलीला रंगमंच पर विगत लगभग दस दिनों से चल रही रामलीला के कलाकारों ने नगरपंचायत प्रशासन द्वारा शानदार ढंग से सजाए गए रामलीला बाग में मेले के दौरान राम रावण युद्ध और राम जानकी मिलन का सजीव मंचन किया।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रीति उमर चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर, बृजेश उमर,ईओ रामसमुख, लिपिक सुनील कुमार, सुरेश उमर, अमरनाथ उमर, अमलेश कुमार, अनूप जायसवाल, प्रदीप दुबे, कृष्ण कुमार गुप्त, संजय जायसवाल सहित रामलीला समिति बड़हलगंज के तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे।