नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीता मझवलिया,अभिषेक यादव बने ‘मैन ऑफ द मैच’
बड़हलगंज गोरखपुर, शुक्रवार रात्रि ग्राम सभा बाल भीटी के चौबौली गांव में आयोजित नाइट क्रिकेट क्लब लीग प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मझवलिया बनाम तिहा मोहम्मदपुर के बीच खेला गया, जिसमें मझवलिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 117 रनों का लक्ष्य हासिल कर खिताब अपने नाम कर किया। आठ ओवर के इस रोमांचक कैनवास बॉल क्रिकेट मैच ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।फाइनल मैच में मझवलिया टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, जो पूरी तरह से सही साबित हुआ। दूसरी पारी में मझवलिया गांव के गेंदबाजी के सामने तिहा मोहम्मदपुर की टीम 98 रनों पर ही सिमट गई। टीम के स्टार खिलाड़ी अभिषेक यादव ने 56 रनों में नौ छक्को के साथ दमदार पारी खेली, जिसके चलते उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, प्रतियोगिता के ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का खिताब दीपक को दिया गया जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया।इस प्रतियोगिता के अंपायरों की भूमिका बादल तिवारी और अफजाल अंसारी ने निभाई। खेल की निष्पक्षता और अनुशासन में इन दोनों अंपायर्स का योगदान सराहनीय रहा। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि मानव शिक्षा सेवा संस्थान के प्रबंधक आलोक गुप्ता जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्थान की अध्यक्ष प्रिया गुप्ता तथा विश्व हिंदू रक्षा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष शिखर गुप्ताउपस्थित रहें। इन तीनों अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।इस खेल आयोजन के दौरान चौबौली गांव में एक उत्सव जैसा माहौल बना रहा। सैकड़ों की संख्या में दर्शक मैदान के चारों ओर मौजूद रहे और तालियों से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते रहे।मझवलिया के कप्तान अभिषेक यादव ने जहां टीम को जीत दिलाई, वहीं तिहा मोहम्मदपुर के कप्तान विश्वजीत राय ने खेल भावना से खेलकर उपविजेता का सम्मान प्राप्त किया। पूरे आयोजन में युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद की प्रतिभा को मंच मिलता है और युवाओं को नशा, हिंसा व निष्क्रियता से दूर रख खेलों की ओर प्रेरित किया जाता है।यह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट न केवल खेल भावना का प्रतीक बना, बल्कि ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी रहा। आयोजकों, खिलाड़ियों और दर्शकों के सहयोग से यह प्रतियोगिता सफल और उत्साहवर्धक रही। आयोजन में मुख्य रूप से पूर्व प्रधान होली चंद,अनीता यादव, मंगेश तिवारी,पंकज यादव, सर्वेश पासवान, शेषनाथ पासवान समेत सैकड़ो गणमान्य दर्शक उपस्थित रहे।