सामूहिक विवाह कार्यक्रम में परिणय सूत्र में बंधे 25 जोड़े
बड़हलगंज: उपनगर के पौराणिक स्थल चरण पादुका कुटी पर जनसेवा संस्था द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 25 जोड़ों ने सात फेरे लेकर दाम्पत्य जीवन में प्रवेश किया।
शुक्रवार को जनसेवा संस्था द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 25 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। नगर पंचायत कार्यालय से श्रीराम सेवा समिति के तत्वाधान में निकली लंबी गाड़ियों की बारात में बाराती डीजे की धुन पर नाचते गाते व आतिशबाजी करते हुए आगे बढ़े तो रामलीला रंगमंच पर उनाई समाज के लोगों ने बारातियों का जलपान कराया। चरण पादुका में पर बारात पहुंची तो विधायक राजेश त्रिपाठी, चेयरमैन प्रीति उमर व जनसेवा अध्यक्ष महेश उमर ने बारातियों का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। तत्पश्चात 25 ब्राह्मण विद्वानों ने मंत्रोच्चार के साथ शादी की सभी रस्म अदा कराई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि जनसेवा संस्था विगत कई वर्षों से आडंबर व दहेज रहित शादियां कराती आ रही है। योगी आदित्यनाथ की सरकार भी अब गरीब की बेटियों को हर तरीके से मदद कर उनके हाथ पीले करा रही है। सरकार शादियों के लिए अनुदान राशि भी प्रदान कर रही है। इस दौरान संस्था ने हजारों घराती व बारातियों के लिए भोजन जलपान व्यवस्था के साथ ही सभी बेटियों को सोने व चांदी के आभूषण सहित, बेड, आलमारी, बाथरूम सेट, बर्तन सेट, श्रृंगार सेट, रजाई गड्ढा, साड़ी के साथ ही अन्य घरेलू वस्तुएं देकर उनको विदा किया। इस दौरान संस्था के महामंत्री संतोष जायसवाल, एसडीएम प्रशांत वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी बी एन सिंह, नायब तहसीलदार जयप्रकाश, ईओ राम समुख, जिला पंचायत सदस्य आलोक गुप्ता, बालचंद सोनकर, ब्लॉक प्रमुख राम आशीष राय, व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीकांत सोनी, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, अमरनाथ उमर, शुभम गुप्ता, अष्टभुजा सिंह, राजीव पांडेय, अरविंद सिंह, सुनील कुमार, स्वतंत्र सिंह, अनूप जायसवाल, शिखर गुप्ता, हरिकेश यादव, सुरेश उमर, अमलेश कुमार, डब्लू उपाध्याय सहित विभिन्न गांवों के प्रधान व नगर पंचायत के समस्त सभासद मौजूद रहें।
चेयरमैन ने पूजा पांव, किया कन्यादान…..
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कैंपियरगंज के अलीगढ़ की रहने वाली कुसुम के परिवार का कोई मुखिया नहीं होने के कारण चेयरमैन प्रीति उमर व उनके प्रतिनिधि महेश उमर ने आगे बढ़कर कुसुम का पांव पूजा और कन्यादान दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कन्यादान का सौभाग्य मिलना बड़ी बात है। जिस बेटी का कोई नहीं उसके लिए जनसेवा परिवार है।